समीक्षा मिश्रा की रिपोर्ट
अंबेडकरनगर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आयोजित रोड सेफ्टी सद्भावना कप में रविवार को डॉक्टर्स-11 और पंचायत सचिव-11 के बीच क्रिकेट मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच शहर के रगड़गंज स्थित विशाल क्रिकेट एकेडमी (वीसीए) मैदान में आयोजित होगा। आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना है।
आयोजक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि मैच के माध्यम से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने का संदेश दिया जाएगा। मुकाबला 16 ओवर का होगा और कैनवास बॉल से खेला जाएगा। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। डॉक्टर्स-11 टीम के कप्तान त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. जीडी वर्मा ने कहा कि टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी है। डॉक्टर्स-11 के उपकप्तान दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रवेश वर्मा ने कहा कि टीम सभी खिलाड़ियों के सहयोग से बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी। प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाना प्राथमिकता है। पंचायत सचिव-11 के कप्तान अनिल सिंह ने बताया कि उनकी टीम पहली बार इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। टीम पूरी खेल भावना के साथ मुकाबले में उतरेगी और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी। गांव से लेकर शहर तक सभी लोगों को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। सुरक्षित सड़क व्यवस्था के लिए आम नागरिकों की भागीदारी जरूरी है।