शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक बुजुर्ग ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। दंपती के बीच पारिवारिक विवाद था। आरोपी ने खुद को भी गोली मारने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र में गांव महोलिया वीरान निवासी 60 वर्षीय हरिपाल ने मंगलवार शाम अपनी पत्नी लक्ष्मी (58 वर्ष) की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। दंपती आपसी मनमुटाव के कारण अपने दो पुत्रों के साथ अलग-अलग रहते थे। आरोपी ने खुद को भी गोली मारने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
हरिपाल के चार पुत्र नरोत्तम, जंगबहादुर, पप्पू और नन्हें हैं। दो पुत्रियों रामगुनी और रामदेवी की शादी हो चुकी है। हरिपाल का पत्नी लक्ष्मी देवी से काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। इस कारण हरिपाल बड़े पुत्र नरोत्तम के पास और लक्ष्मी देवी मंझले पुत्र जंगबहादुर के पास रहती थीं। पप्पू और नन्हें अलग रहते हैं। हरिपाल पत्नी से इस बात से काफी नाराज था कि वह जंगबहादुर का पक्ष लेती हैं।
मंगलवार शाम लक्ष्मी देवी चारा लेने खेत पर जा रही थीं। पहले से ही रास्ते पर घात लगाए बैठे हरिपाल ने लक्ष्मी देवी को तमंचे से गोली मार दी। इसके बाद खुद को भी गोली मारने का प्रयास किया, लेकिन गोली पेट में रगड़ती हुई निकल गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन हरिपाल के पास तमंचा होने के कारण कोई पास नहीं गया।
बेटा-बहू को मारने की धमकी दी
सूचना पाकर हरिपाल के परिजन भी मौके पर पहुंचे। हरिपाल अपने पुत्र जंगबहादुर और उसकी पत्नी को भी जान से मारने की धमकी देता रहा। जंगबहादुर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर बंडा और खुटार के थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हरिपाल को कब्जे में लिया। उसे सीएचसी भिजवाया।
एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे और सीओ प्रवीण मलिक ने भी मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आ रहा है। मामले की जांच की जा रही है।