अंबेडकरनगर। जिले में होमगार्ड भर्ती के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 70 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए फर्जी होमगार्ड पहचान पत्र, खाकी वर्दी और नेमप्लेट तक उपलब्ध करा दी। जब पीड़ित ने एसपी कार्यालय पहुंचकर दस्तावेजों की जांच कराई तो पूरा खेल खुल गया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
अकबरपुर क्षेत्र के कटरिया याकूबपुर निवासी अमन कुमार ने बताया कि वह रगड़गंज में अंडा रोल की दुकान चलाते हैं। कुछ माह पहले कांशीराम आवास निवासी एक युवक उनकी दुकान पर आने-जाने लगा। बातचीत के दौरान उसने खुद को प्रभावशाली बताते हुए बिना परीक्षा होमगार्ड में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
पीड़ित के अनुसार भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही आरोपी ने उसके शैक्षिक और अन्य दस्तावेज लेकर दावा किया कि फाइल डीजीपी कार्यालय भेज दी गई है। इसके बाद उसने अलग-अलग बहानों से रकम वसूलनी शुरू कर दी। पहले फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर 30 हजार रुपये लिए, फिर डीजीपी कार्यालय और सत्यापन प्रक्रिया का हवाला देकर 20 हजार, पुलिस कमिश्नर कार्यालय के नाम पर 10 हजार और सचिवालय भेजने के बहाने 10 हजार रुपये और ले लिए। इस तरह कुल 70 हजार रुपये ऐंठ लिए।
आरोप है कि विश्वास कायम रखने के लिए आरोपी ने फर्जी होमगार्ड पहचान पत्र, खाकी वर्दी और नेमप्लेट भी उपलब्ध करा दी तथा 10 जुलाई को जॉइनिंग कराने का भरोसा दिया। जॉइनिंग न होने पर जब अमन को संदेह हुआ तो वह एसपी कार्यालय पहुंचा। वहां दस्तावेजों की जांच में पता चला कि पहचान पत्र और अन्य कागजात पूरी तरह फर्जी हैं।