किसान परिवार की बेटी ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
सरधना। दबथुवा गांव की जाह्नवी चौधरी का चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर पद पर हुआ है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली जाह्नवी की इस उपलब्धि पर गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायी बताया है।
जाह्नवी के पिता अमरपाल सिंह किसान थे, जिनका कुछ माह पहले निधन हो गया था। परिवार में उनकी माता, एक भाई और पांच बहनें हैं। सबसे छोटी बेटी होने के बावजूद जाह्नवी ने पारिवारिक जिम्मेदारियों और कठिन परिस्थितियों के बीच अपनी पढ़ाई व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी। इससे पहले वर्ष 2025 में उनका चयन उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर हुआ था। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वर्तमान में उनकी तैनाती अलीगढ़ जिले में है।
नौकरी के साथ उन्होंने उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की तैयारी जारी रखी और सफलता हासिल की। परिवार के छोटे भाई रितिक चौधरी भी राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी हैं और खेल कोटे से भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। जाह्नवी की सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। वहीं, अनिल चौधरी, सोराज सिंह, महेंद्र सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।