पांचाल घाट पर एडीजी ने परखी कांवड़ मेले की सुरक्षा


फर्रुखाबाद। सावन में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को एडीजी जोन कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पांचाल घाट पहुंचकर कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाट, कांवड़ यात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, यातायात और श्रद्धालुओं को दी जाने वाली सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए।
एडीजी ने कहा कि कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान और जल भरने पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त बैरिकेडिंग, पुलिसकर्मियों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और व्यवस्थित रखा जाए। एडीजी ने संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नदी के गहरे क्षेत्रों को पहले से चिह्नित कर चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस, फ्लड पीएसी, गोताखोर और राहत दल पूरी तरह सक्रिय रहे।
पेयजल, प्रकाश और प्राथमिक उपचार की हो व्यवस्था
एडीजी ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय, प्राथमिक उपचार और विश्राम स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हजारों श्रद्धालु कई किलोमीटर पैदल यात्रा करते हैं, इसलिए मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। जहां भी व्यवस्था कमजोर मिले, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। इस दौरान डीआईजी यमुना प्रसाद, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह आदि मौजूद रहे। इससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने गंगा घाट का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाटों पर लगी अतिरिक्त दुकानों को हटाने के भी निर्देश दिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form