श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने आवेदन किया है। यह आवेदन चर्चा का विषय बना हुआ है। आगे पढ़ें पूरी खबर...
रामनगरी अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने भी आवेदन किया है। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद ट्रस्ट में संगठनात्मक बदलाव तेज हो गए हैं।
महासचिव चंपत राय समेत कई जिम्मेदार पदाधिकारियों के पद छोड़ने के बाद देशभर से योग्य अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं। इसी क्रम में अमिताभ ठाकुर का आवेदन चर्चा का विषय बना हुआ है।
ट्रस्ट नए सीईओ के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है और जल्द निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है। राम मंदिर प्रशासन में होने वाले इस बदलाव पर संत समाज, श्रद्धालुओं और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हैं।
सीईओ की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए
दरअसल, राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बीच ट्रस्ट में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है। सीईओ की नियुक्ति तीन साल के लिए होगी। वेतन आपस में बातचीत के बाद तय किया जाएगा।
आवेदन करने वाले की सबसे बड़ी योग्यता हिंदू होना होगी। आवेदक 18 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। 50 से 70 साल तक की उम्र का कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है। आवेदक को हिंदी और अंग्रेजी भाषा का अच्छा ज्ञान होना जरूरी है।
तीन सदस्यीय कमेटी सीईओ की नियुक्ति करेगी
बताते चलें कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी कांड के बाद से ही व्यवस्थाओं में परिवर्तन किया जा रहा है। निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने रविवार को दिए गए बयान में कहा था कि यह घटना हमारे के लिए कलंक है और हमें छोटा महसूस करवाती है। ऐसे में हमें ये सुनिश्चित करना होगा कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मंदिर में सीईओ की नियुक्ति के लिए तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया था, अब यही कमेटी सीईओ की नियुक्ति करेगी।