शाहजहांपुर के मिर्जापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की सात बाइकें बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपी चोरी की बाइकों की खरीद-फरोख्त करते थे।
शाहजहांपुर जिले में थाना मिर्जापुर पुलिस ने चोरी की बाइकों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की सात बाइक बरामद की हैं।
थाना पुलिस के मुताबिक अपराध नियंत्रण और ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत सोमवार को मिर्जापुर पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बहरिया स्थित सरकारी स्कूल मोड़ पर तीन युवक चोरी की बाइकों को बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शादाब, शवाब निवासी ग्राम बहरिया व शिवम निवासी ग्राम भरतापुर थाना मिर्जापुर बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सात बाइक बरामद हुईं।
एसपी देहात दीक्षा भांवरे अरुण ने बताया कि पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना मिर्जापुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में विस्तृत जांच कर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाने की कार्रवाई की जा रही है।