19 घंटे तक घर में रखा शव...आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद किया अंतिम संस्कार


पुवायां (शाहजहांपुर)। गांव सबलापुर के पप्पू की गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव 19 घंटे तक घर में रखा रहा। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
रक्षाबंधन की रात पड़ोसियों के बीच झगड़ा होने पर पप्पू बीच-बचाव करने गए थे। झगड़ा कर रहे दोनों पक्षों के लोगों ने पप्पू पर ही हमला कर दिया था। राखी बांधने आई बहन नन्ही देवी उर्फ मुन्नी देवी ने भाई को बचाने का प्रयास किया था, लेकिन उनके सामने ही पप्पू को बेहोश होने तक पीटा गया था।

नन्ही देवी और पप्पू की पुत्री चांदनी, भाई छत्रपाल को भी पीटकर घायल कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज में पप्पू को मृत घोषित कर दिया गया। पप्पू के पुत्र सरजू ने गांव के मुनेंद्र, मुनेंद्र की पत्नी रीना, पुत्री सेवान, साढ़ू कमल, कमल की पत्नी रोशनी, कुमरी देवी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पप्पू की मौत के बाद रिपोर्ट में गैर इरादतन हत्या की धाराएं बढ़ाई गई हैं। केस में नामजद मुनेंद्र बरेली के थाना हाफिजगंज के गांव अहमदाबाद में छह माह से अपनी ससुराल में रह रहा था। जबकि कमल रक्षाबंधन पर पत्नी सहित ससुराल आया था।
पोस्टमॉर्टम के बाद पप्पू का शव 29 अगस्त की शाम पांच बजे घर पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियोंं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया। सीओ प्रवीण मलिक, थाना प्रभारी आरके रावत के समझाने पर भी परिजन नहीं माने। रविवार को सीओ ने फिर से परिजनों को समझाया और तीन लोगों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। इस मामले में बंडा के ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश भी गांव सबलापुर पहुंचे और परिजनाें को पप्पू के शव का अंतिम संस्कार करने के लिए समझाया।
इसके बाद दोपहर एक बजे पप्पू के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि पप्पू के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बरेली के थाना हाफिजगंज के गांव अहमदाबाद की रीना देवी, बरेली के थाना प्रेमनगर के मोहल्ला बांके छावनी के कमल और कमल की पत्नी रोशनी को पकड़कर चालान किया गया।
पूछताछ में कमल ने बताया कि रक्षाबंधन की रात उनके साढ़ू मुनेंद्र और पड़ोस में रहने वाले करण के बीच शराब के नशे में विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर मारपीट हो गई थी, जिसमें पप्पू की ज्यादा चोट के कारण मौत हुई है। कोर्ट से तीनों को जेल भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form