अंबेडकरनगर। बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन सांपों का काटने का खतरा बढ़ गया है। खेतों और निचले इलाकों में पानी भरने के कारण सांप सुरक्षित जगह की तलाश में बाहर निकल रहे हैं। इसी वजह से जिले में सांप के काटने के मामले सामने आने लगे हैं। सोमवार को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सांप काटने के शिकार 10 मरीज उपचार के लिए पहुंचे
अकबरपुर के लालचंद (25) व सरिता (39), बसखारी की अंकिता (25), जलालपुर की नेहा देवी (23) को अस्पताल में भर्ती कराया गया। कटरिया याकूबपुर की रानी पांडेय (19) और अहिरौली की लक्ष्मी (65) को भी सांप ने काट लिया। बरधा भिउरा के कमलेश (38) और खानूपुर की उर्मिला देवी (48), महरुआ के त्रिभुवन (35), हरिनाथपुर की अंबालिका (12) को सांप के काटने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में तैनात चिकित्सक एसके विश्वास ने बताया कि सभी मरीजों को एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की डोज दी गई है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।