32 Years Of 1942 A Love Story: अनिल कपूर ने ‘1942 ए लव स्टोरी’ के 32 साल पूरे होने पर एक दिल छू लेने वाला पोस्ट साझा किया है। जानिए उन्होंने फिल्म को लेकर क्या कुछ कहा…
अनिल कपूर और मनीषा कोइराला की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘1942 ए लव स्टोरी’ को रिलीज हुए आज 32 साल पूरे हो गए हैं। 1994 में रिलीज हुई इस फिल्म के गाने और कहानी आज भी लोगों को काफी पसंद आती है। फिल्म के 32 साल पूरे होने पर अब अनिल कपूर ने एक दिल छू लेने वाले पोस्ट शेयर किया है। साथ ही फिल्म से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं।
हमने यह फिल्म बहुत प्यार और ईमानदारी से बनाई थी
अनिल कपूर ने फिल्म के 32 साल पूरे होने पर अपने इंस्टाग्राम पर फिल्म के सेट से जुड़ी कई तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों में अनिल कपूर के साथ फिल्म के बाकी कलाकार भी नजर आ रहे हैं। इनमें मनीषा कोइराला, जैकी श्रॉफ और अनुपम खेर जैसे फिल्म का हिस्सा रहे स्टार शामिल हैं।
इसके साथ ही अनिल कपूर ने एक दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा। कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘32 साल बाद भी यह फिल्म मेरे दिल के उतनी ही करीब है, जितनी पहले दिन थी। हमने यह फिल्म ईमानदारी, जुनून और बहुत सारे प्यार के साथ बनाई थी। मुझे नहीं लगता कि हममें से किसी को भी अंदाजा था कि इतने दशकों बाद भी इसे उतने ही प्यार से याद किया जाएगा।’
फिल्म के 8K वर्जन का बेसब्री से इंतजार
अभिनेता ने अपने कैप्शन में आगे फिल्म के 8K वर्जन को लेकर कहा, ‘इसे 8K में प्यार से रिस्टोर और साउंड को रीमास्टर होते देखना, और वह भी फ्रेम-दर-फ्रेम, सच में बहुत खास है।
यह जानकर बहुत खुशी होती है कि नई पीढ़ी के लिए इसे वापस लाने में कितनी मेहनत और देखभाल की गई है। उन सभी का शुक्रिया, जिन्होंने इस फिल्म को अपने दिलों में बसाए रखा। इसे बड़े पर्दे पर फिर से देखने का बेसब्री से इंतजार है।’
ऐसी है फिल्म की कहानी
‘1942 ए लव स्टोरी’ 15 जुलाई 1994 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। विधु विनोद चोपड़ा द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी 'भारत छोड़ो आंदोलन' (1942) के दौरान एक स्वतंत्रता सेनानी की बेटी और ब्रिटिश शासन के वफादार एक राजनेता के बेटे के बीच पनपे प्यार और उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर आधारित है।
फिल्म में अनिल कपूर के अलावा मनीषा कोइराला, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर, डैनी डेन्जोंगपा और प्राण भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं।