समीक्षा मिश्रा कि रिपोर्टर
अंबेडकरनगर। विदेश में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.40 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) के आदेश पर बसखारी में चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बसखारी के मुजाहिदपुर निवासी इबरान अहमद ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनके रिश्तेदार एजाज अली ने विदेश में ड्राइवर की नौकरी और आकर्षक वेतन दिलाने का भरोसा देकर उनसे 2.40 लाख रुपये ले लिए। इसके अलावा मेडिकल परीक्षण, दस्तावेज और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर करीब 19 हजार रुपये खर्च कराए गए।
पीड़ित के अनुसार, पहले उनका मेडिकल लखनऊ में कराया गया और बाद में अन्य औपचारिकताओं के लिए मुंबई बुलाया गया। इसके बाद उन्हें कम वेतन वाला फर्जी वीजा और हवाई टिकट उपलब्ध कराया गया। जब उन्होंने इस पर आपत्ति जताई और रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने पहले 10 दिन के भीतर विदेश भेजने अथवा पूरी रकम लौटाने का आश्वासन दिया। बाद में रुपये देने से इन्कार कर दिया।
इबरान अहमद का आरोप है कि एजाज अली, उसकी पत्नी सहराना खातून, भाई सहरे आलम और एक अन्य भाई विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने का संगठित गिरोह चला रहे हैं। उन्होंने बताया कि थाने और 23 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई थी। क्षेत्राधिकारी नगर नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर संबंधित आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।