नाले में गिरने से मौत के मामले में जांच करने इंजीनियर के घर पहुंची नोएडा पुलिस


कायमगंज (फर्रुखाबाद)। नोएडा के सेक्टर-58 में खुले नाले में गिरने के बाद करंट लगने से इंजीनियर आर्यन की मौत के मामले में नोएडा पुलिस मंगलवार को उनके घर कायमगंज पहुंची। पुलिस टीम ने मृतक के परिजनों से घटना के संबंध में बातचीत की और साक्ष्य जुटाए। इस दौरान परिजनों का दुख फिर से उभर आया और घर का माहौल गमगीन हो गया।
नगर के मोहल्ला कूंचा गंगा दरवाजा निवासी 23 वर्षीय आर्यन की नौ जुलाई को नोएडा के सेक्टर-58 क्षेत्र में खुले नाले में गिरने से मौत हो गई थी। उन्हें नाले में गिरने के बाद करंट लग गया था। मंगलवार को सेक्टर-58 थाने के उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार और उपनिरीक्षक सुधीर कुमार कायमगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने यहां प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल से जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम आर्यन के घर पहुंची। पुलिस के पहुंचने पर आर्यन की मां रानी, दादी जलदेवी, बाबा रामविलास और चाचा मोहित कुमार भावुक हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आर्यन के चाचा मोहित कुमार की तहरीर पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम साक्ष्य जुटाने के लिए कायमगंज आई है। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही बिजली विभाग से नियमानुसार मुआवजा दिलाने का भी आश्वासन दिया

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form