स्कूल की छत से गिरा प्लास्टर, अब बरात घर में पढ़ेंगे बच्चे


शमसाबाद। ब्लॉक क्षेत्र के गांव खजुरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय का भवन जर्जर हो गया है। प्लास्टर टूटकर गिरने के कारण मंगलवार को बच्चों को घर भेज दिया गया। अब बुधवार से बच्चों की पढ़ाई गांव के बरातघर में कराई जाएगी।
विद्यालय का निर्माण वर्ष 2011-12 में हुआ था, लेकिन अब इसकी हालत दयनीय है। दोनों कक्षों, बरामदे और कार्यालय का प्लास्टर टूटकर गिर रहा है। रविवार रात भी दो कक्षों और बरामदे की छत का प्लास्टर टूटकर गिरा था। प्रधानाध्यापक अली शेर खान को सोमवार को विद्यालय पहुंचने पर जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल को लिखित सूचना दी। विद्यालय में पंजीकृत 56 बच्चों में से 36 मंगलवार को पहुंचे थे। खराब हालत को देखते हुए उन्हें बाहर बैठाकर पढ़ाया गया, लेकिन बाद में खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर घर भेज दिया गया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि पूरे भवन का प्लास्टर जगह-जगह से झड़ रहा है। बुधवार से शिक्षण कार्य गांव के बरातघर में होगा। हालांकि, बरातघर की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हैं। परिसर में झाड़ियां और ऊंची घास होने से वहां व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र सिंह पटेल ने बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च है, उन्हें सुरक्षित स्थान पर पढ़ाया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी पटेल ने बताया कि भवन की मियाद के बारे में जानकारी नहीं है। यदि तय समय से पहले भवन क्षतिग्रस्त हुआ है, तो जांच कराई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form