समीक्षा मिश्रा ब्यूरो चीफ
मालीपुर क्षेत्र के खजुरी बाजार में मंगलवार दोपहर पुरानी रंजिश में कार से आए हमलावरों ने 20 वर्षीय युवक अतुल कुमार यादव को दौड़ाकर गोली मार दी। गोली युवक के बाएं पैर में लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी खुलेआम हथियार लहराते हुए भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह मौके पर पहुंचीं और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। हाजीपुर निवासी अतुल कुमार यादव मंगलवार सुबह अपने मित्र कृष्णा के साथ खजुरीकरौंदी स्थित खाद समिति पर खाद लेने गया था। दोपहर करीब 12:20 बजे दोनों खजुरी बाजार में मोदनवाल की दुकान पर समोसा और सिंघाड़ा खा रहे थे। इसी दौरान ताहापुर निवासी आलोक मिश्रा, मंसूरपुर निवासी आदित्य सिंह, छोटे सिंह तथा एक अज्ञात कार चालक वहां पहुंचे। आरोप है कि आलोक मिश्रा और छोटे सिंह ने अतुल को गाली देते हुए दौड़ा लिया। जान बचाने के लिए अतुल बाजार से भागे लेकिन करीब 500 मीटर दूर सुल्तानपुर गोईठा मार्ग पर आलोक मिश्रा ने पीछे से तमंचे से फायर कर दिया। गोली सीधे अतुल के बाएं पैर में लगी और वह सड़क पर गिर पड़े। अचानक हुई फायरिंग से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़ जुटती देख हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से भाग गए। घायल अतुल ने अपने मित्र कृष्णा के मोबाइल से पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल-112 और मालीपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगपुर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसपी प्राची सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य संकलित करने के निर्देश दिए। टीम ने मौके से एक खोखा बरामद किया जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया। जिला अस्पताल में वरिष्ठ समाजवादी नेता डॉ. अभिषेक सिंह ने पहुंचकर घायल अतुल का हालचाल जाना और परिजनों से बातचीत की। क्षेत्राधिकारी अनूप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है। घायल के पैर में गोली लगी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। मालीपुर के सुल्तानपुर गोईठा के निकट कार सवार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, पुलिस टीम बनाकर दिए गिरफ्तारी के आदेश