रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय के भवन ध्वस्त किए जाने के आदेश के विरोध में शाहजहांपुर में समाजवादी पार्टी (सपा) ने मंगलवार को गांधी भवन में धरना प्रदर्शन किया। सपा मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष तैयब खान के नेतृत्व में आयोजित धरने में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को दिया गया।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय प्रदेश का एक महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। भवनों को ध्वस्त करने का निर्णय छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस फैसले से अभिभावकों और आमजन में भी नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिरों को संरक्षित और सुदृढ़ किया जाना चाहिए, न कि उन्हें नुकसान पहुंचाया जाए। सपा नेताओं ने राज्यपाल से पूरे मामले में हस्तक्षेप कर भवन ध्वस्तीकरण के आदेश की समीक्षा कराने तथा विश्वविद्यालय के हित में उचित निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ निर्णय होना चाहिए। इस दौरान राजन सिंह, गुरुप्रीत सिंह, शिव कुमार समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।