लगातार दूसरे दिन झमाझम बारिश, किसानों के चेहरे खिले


अंबेडकरनगर। जिले में लगातार दूसरे दिन भी झमाझम बारिश हुई। सोमवार को सुबह से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुककर हुई बारिश और ठंडी हवाओं ने लोगों को उमस व गर्मी से राहत दिलाई। वहीं, खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से धान की रोपाई ने रफ्तार पकड़ ली है। हालांकि दूसरी ओर कई गांवों में जलभराव ने लोगों की परेशानी भी बढ़ा दी है।
अकबरपुर शहर में सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश होती रही। दोपहर करीब दो बजे तक यह सिलसिला बरकरार रहा। रफ्तार भले ही कम हो लेकिन कई घंटों तक बारिश होने से काफी राहत मिली। अकबरपुर के गौहन्ना बाईपास पर जलभराव के कारण लोगों के सामने समस्या खड़ी हो गई है। यहां सरकारी के साथ निजी बसों का ठहराव होता है। ऐसे में यात्रियों को खड़े होने की भी जगह नहीं मिल रही है।

शहर के कई अन्य प्रमुख मार्गों के भी यही हालात रहे। जलालपुर संवाद के अनुसार क्षेत्र में सुबह से तेज बारिश हुई। मगुराडीला सैखवलिया गांव में लगातार बारिश के चलते गलियों, रास्तों और खेतों में पानी भर गया है। जलभराव के कारण ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो गया है। गांव के प्रवीण और कुलदीप ने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन मौके पर समस्या का समाधान किए बिना ही शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form