ब्लॉक प्रमुख बने प्रशासक: राज्य सरकार की गाइडलाइन, जानें कौन से काम करा सकेंगे और किनके लिए लेनी होगी अनुमति


मथुरा की सभी 10 क्षेत्र पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार ने निवर्तमान ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक नियुक्त किया है। वे सोमवार से क्षेत्र पंचायतों के सामान्य और दैनिक कार्यों का संचालन करेंगे।
मथुरा में सामान्य पंचायत निर्वाचन-2021 के बाद गठित क्षेत्र पंचायतों का पांच वर्षीय कार्यकाल रविवार शाम समाप्त हो गया। इसके साथ ही राज्य सरकार ने जनपद की सभी 10 क्षेत्र पंचायतों के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुखों को प्रशासक के रूप में नामित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शासन ने जिलाधिकारी को अधिकृत करते हुए सोमवार, 20 जुलाई से प्रशासकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
जनपद की 10 क्षेत्र पंचायतों के निवर्तमान प्रमुख अब प्रशासक के रूप में क्षेत्र पंचायतों के सामान्य एवं दैनिक कार्यों का संचालन करेंगे। हालांकि, उन्हें किसी भी प्रकार के नीतिगत या वित्तीय महत्व के नए निर्णय लेने का अधिकार नहीं होगा। दिए गए निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी विशेष अथवा अत्यावश्यक परिस्थिति में नीति संबंधी निर्णय लेना आवश्यक हो, तो संबंधित प्रस्ताव जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
जिलाधिकारी की पूर्व स्वीकृति मिलने के बाद ही ऐसे मामलों में आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने बताया कि नई क्षेत्र पंचायतों के गठन और निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी होने तक प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह अंतरिम व्यवस्था लागू की गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form