सिंचाई करने गए किसान की संदिग्ध हालात में मौत


समीक्षा मिश्रा कि रिपोर्टर

अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में किसान आजाद (38) बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में खेत में बेसुध हालत में मिले। जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अकबरपुर के कनक पट्टी निवासी शाहिद के मुताबिक उनके पिता आजाद मंगलवार अपराह्न करीब चार बजे अपने खेत में सिंचाई के लिए मोटर बांधने गए थे। रात करीब 08:30 बजे शाहिद अपने पिता के लिए खाना लेकर खेत पहुंचे। खाना खाने के बाद पिता ने उनसे घर से बिजली का केबल लाने को कहा। इस पर शाहिद घर आ गए और रात करीब 10 बजे शाहिद दोबारा अपनी मां सुंतुल निशा के साथ केबल लेकर वापस खेत पहुंचे
उन्होंने काफी खोजबीन की लेकिन पिता का कहीं पता नहीं चला। पास के एक किसान से पूछने पर पता चला कि आजाद कुछ देर पहले ही घर की ओर चले गए थे। इसके बाद मां-बेटा भी घर आकर सो गए। बुधवार सुबह करीब पांच बजे एक ग्रामीण ने खेत में आजाद को बेसुध अवस्था में देखा और परिजनों को सूचित किया। आननफानन उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आजाद की दो संतान हैं। उनकी बेटी फूलजहां (17) और बेटा शाहिद हैं। पति की अचानक मौत की खबर सुनते ही पत्नी सुंतुल निशा अचेत हो गईं। फिलहाल परिजन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं। सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी ने बताया कि अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form