सर्वर ठप, सचिव नदारद, कतार में किसान


अंबेडकरनगर। जिले में खरीफ सीजन के दौरान सहकारी समितियों पर ई-पॉस सर्वर की खराबी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पिछले कई दिनों से सर्वर बार-बार ठप होने के कारण आधार आधारित बायोमीट्रिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है। किसान समितियों पर सर्वर आने के इंतजार में दिनभर बैठे रहते हैं।
अकबरपुर सहकारी समिति पर सुबह सात बजे से नौ बजे तक 22 बोरी यूरिया और 48 बोरी डीएपी 29 किसानों को वितरित की गई। इसके बाद सुबह 10 बजे सर्वर बैठ गया। सचिव अनिल सिंह ने किसानों को सर्वर न चलने की बात बताकर मंगलवार सुबह आठ बजे आने को कहकर वापस लौटा दिया। ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश सहकारी समितियों पर यही स्थिति देखने को मिली। एक घंटे में महज तीन से चार किसानों को ही खाद मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि यदि समय पर यूरिया नहीं मिली तो फसल की बढ़वार और उत्पादन प्रभावित होगा।

सर्वर न चलने की बात कह कर लौटाया
अकबरपुर सहकारी क्रय विक्रय समिति शहजादपुर पर सुबह 11:20 बजे शहजहांपुर निवासी रविकुमार एक बोरी यूरिया और एक बोरी डीएपी लेने पहुंचे लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनको सर्वर न चलने की बात कहकर लौटा दिया। कर्मचारियों ने बताया कि सुबह आठ बजे से 10 बजे तक सर्वर सही काम कर रहा है, सिर्फ 29 किसानों को खाद दी जा सकी।
समिति खुली, पर सचिव लापता
सहकारी समिति सिझौली के बाहर किसान खाद लेने के लिए बैठे थे। समिति खुली थी लेकिन सचिव 11:45 मिनट तक समिति पर नहीं पहुंचे थे। वहां मौजूद किसानों ने बताया कि सचिव से फोन पर संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि बैंक किसी काम से गए हैं। खाद लेने के लिए बैठे गंजा डडवा निवासी किसान अबुराजा ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से खाद लेने के लिए समिति का चक्कर लगा रहे हैं।
तीन दिनों से लगा रहे दौड़
सहकारी समिति अजमेरी बादशाहपुर पर सुबह 11:45 बजे पहुंचे सुलेमपुर निवासी किसान शिवपूजन गौड़ ने बताया कि पिछले तीन दिन से चक्कर लगा रहा हूं, सचिव साहब बता रहे हैं सुबह के टाइम मशीन चल रही थी। अब सर्वर काम नहीं कर रहा है। मशीन चलने पर ही खाद का वितरण हो पाएगा।
खाद मौजूद, पर वितरण नहीं
साधन सहकारी समिति लालापुर पर दोपहर करीब दो बजे खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ रही। समिति पर 500 बोरी यूरिया और 200 बोरी डीएपी मौजूद होने के बावजूद ई-पॉस मशीन का सर्वर न चलने के कारण खाद का वितरण नहीं हुआ। सचिव मंतराम ने बताया कि मशीन का वर्जन अपडेट हो रहा है। बुधवार से पूरी तरह ठीक होने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form