आज जलालाबाद आएंगे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक


जलालाबाद। बरसात का मौसम और मंदिर का निर्माणाधीन प्रांगण उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बुधवार को यहां होने वाले दौरे की राह में बड़ी बाधा बने हुए हैं। भगवान परशुराम मंदिर में पूजा, बटुकों का सम्मान और जनसभा आदि प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर मंगलवार को एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा और एसपी (ग्रामीण) दीक्षा भांवरे अरुण सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। तैयारियों को लेकर घंटों माथापच्ची करते रहे।
बुधवार दोपहर 12 बजे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का हेलिकॉप्टर मिर्जापुर के रघुवंशी पैलेस परिसर के हेलिपैड पर उतरेगा। 12:07 बजे वह बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 13.20 बजे वह परशुराम मंदिर आएंगे और पूजन-अर्चन के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 14:30 बजे वह हेलिपैड से हरदोई के लिए चले जाएंगे।
अधिकारियों के निर्देश पर निर्माण कंपनी के ठेकेदारों ने मंदिर प्रांगण में पड़ी भवन निर्माण सामग्री को हटवा दिया, लेकिन अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए समय की कमी आड़े आ रही है। रामताल के किनारे बने काफी चौड़े पाथवे को जनसभा कराने के लिए चिह्नित कर वहां टेंट लगवाने का काम शुरू हो चुका है।
उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर एडीएम और एसपी ग्रामीण के अलावा एसडीएम मधुसूदन गुप्ता, सीओ दीपक सिंह, तहसीलदार राघवेश मणि त्रिपाठी आदि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। इन सभी ने वाहन पार्किंग और उपमुख्यमंत्री के सेफ हाउस, सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
सीओ ने बताया कि भगवान परशुराम के मंदिर तक केवल उपमुख्यमंत्री की फ्लीट में शामिल वाहन ही जाएंगे। शेष वाहनों को शाहजहांपुर हाईवे से निकले रामताल मार्ग पर नीलम टाकीज के सामने खाली मैदान में पार्क कराया जाएगा। विधायक, सांसद और पार्टी पदाधिकारियों के वाहनों को शहीद अहमद यार खां के मजार स्थल प्रांगण में खड़ा कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री का सेफ हाउस बनाने के लिए ब्लाॅक कार्यालय का सभागार लेने के बारे में विचार-विमर्श किया जा रहा है।
नैमिषारण्य से सम्मानित होने आएंगे 51 बटुक
उपमुख्यमंत्री के मंदिर पर पूजा-अर्चना और जनसभा करने के अलावा बटुकों की पूजा कर उन्हें सम्मानित करने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। तैयारियों की निगरानी कर रहे भाजपा नेता गोपाल द्विवेदी ने बताया कि 51 बटुक सम्मानित करने के लिए नैमिषारण्य से आमंत्रित किए गए हैं। ये सभी बटुक दो मिनी बसों से बुधवार की भोर में नैमिषारण्य से यहां के लिए रवाना होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form