समीक्षा मिश्रा की रिपोर्ट
अकबरपुर नगर क्षेत्र में मंगलवार को उस समय हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जब एक महिला और उसकी बेटी ने दो बच्चों के पिता को कथित प्रेमिका के साथ पकड़ लिया। इसके बाद बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ और प्रेमिका के साथ मारपीट भी की गई। बताया जा रहा है कि युवक मंगलवार को घर से जलालपुर गाड़ी बनवाने की बात कहकर निकला था। शक होने पर पत्नी और बेटी उसका पीछा करते हुए अकबरपुर के हाइडिल के सामने पहुंच गईं, जहां वह एक महिला के साथ मिला। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मां-बेटी ने मिलकर महिला को घसीट-घसीटकर पीटा। उसके बचाच में युवक ने पत्नी व बेटी को भी पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर आ गई और दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। यहां देर शाम तक कहासुनी होती रही। कोतवाली पहुंचने के बाद वह पत्नी और बेटी से मिन्नतें करता नजर आया। बताया जा रहा है कि कथित प्रेमिका भी उसी के पड़ोस की रहने वाली है और पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला अपने घर से दवा लेने जाने की बात कहकर निकली थी। यह भी शादी शुदा है। पकड़ा गया व्यक्ति जलालपुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय चिलवनिया में अनुचर के पद पर कार्यरत है। सूचना मिलने पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी पक्षों को पूछताछ के लिए कोतवाली ले गई। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से वार्ता चल रही है। तहरीर के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।