UP: ताज पर दिखी यूपी पुलिस की संवेदनशीलता, महिला सिपाही ने विदेशी पर्यटक की संभाली साड़ी; दिल जीत लेगा VIDEO


अर्जेंटीना से ताजमहल घूमने आई एक महिला पर्यटक की साड़ी खुलने पर ताज सुरक्षा पुलिस की महिला आरक्षी गुड्डी देवी ने तुरंत मदद की। यूपी पुलिस के इस संवेदनशील व्यवहार से प्रभावित पर्यटक ने खुशी जताते हुए कहा, “थैंक्स यूपी पुलिस।
यूपी पुलिस की आगरा में शानदार छवि देखने को मिली, जहां एक महिला सिपाही ने विदेशी पर्यटक की मदद कर लोगों की दिल जीत लिया। दरअसल ताज का दीदार करने आई अर्जेंटीना की महिला पर्यटक साड़ी संभालने में असहज हो गईं। इस पर ताज सुरक्षा पुलिस की महिला आरक्षी गुड्डी ने तत्परता दिखाते हुए उनकी मदद की। 
थाना ताज सुरक्षा पुलिस देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सहायता कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ताज सुरक्षा तिलकराम भाटी ने पुलिस कर्मियों को ‘अतिथि देवो भवः’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के साथ पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार सुबह करीब सात बजे अर्जेंटीना के मैसी शहर से आए पर्यटकों का एक दल पश्चिमी गेट से ताजमहल पहुंचा। समूह में शामिल एक महिला पर्यटक भारतीय परिधान साड़ी पहनकर आई थीं। साड़ी पहनने का अनुभव कम होने के कारण वह उसे संभालने में असहज महसूस करने लगीं।
महिला पर्यटक को परेशान देख ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम में तैनात महिला आरक्षी गुड्डी देवी तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचीं और साड़ी को व्यवस्थित किया। महिला आरक्षी की सहायता से विदेशी पर्यटक काफी खुश हुईं और उन्होंने मुस्कुराते हुए “थैंक्स यूपी पुलिस” कहा।
ताज सुरक्षा पुलिस के अनुसार, “सेवा, सुरक्षा और संवेदना” की भावना के साथ पुलिस कर्मी प्रतिदिन ताजमहल आने वाले पर्यटकों की मदद कर रहे हैं। उनकी इस फ्रेंडली कार्यशैली की सराहना देश ही नहीं, विदेशों में भी हो रही है।
इस दौरान पुलिस टीम में उपनिरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरण पाल सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार और महिला आरक्षी गुड्डी देवी शामिल रहीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form