समीक्षा मिश्रा ब्यूरो चीफ
हजपुरा। सम्मनपुर क्षेत्र के बड़ेपुर मुस्काबाद गांव में शनिवार रात एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। वह ट्यूबवेल पर रहकर झाड़-फूंक का काम करते थे। उनके सिर पर नुकीले हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है।
राधेश्याम प्रजापति (70) बड़ेपुर मुस्काबाद निवासी जय प्रकाश के पिता थे। वह मिट्टी के बर्तन बनाने और खेती के साथ-साथ झाड़-फूंक का काम भी करते थे। पिछले काफी समय से वह घर से करीब 500 मीटर दूर अपने ट्यूबवेल के कमरे में रहते थे। शनिवार रात करीब 10 बजे पौत्र संजय खाना लेकर ट्यूबवेल पर पहुंचा। संजय ने बाबा को आवाज दी, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पास जाने पर उसने राधेश्याम के कराहने की आवाज सुनी।
मोबाइल की टॉर्च जलाकर देखा तो राधेश्याम चारपाई पर खून से लथपथ पड़े थे। उनके सिर पर किसी नुकीले हथियार से हमला कर जख्मी किया गया था। संजय ने तुरंत पिता जयप्रकाश को घटना की जानकारी दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीओ नितीश कुमार तिवारी और थाना प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ने घटनास्थल का दौरा किया। फोरेंसिक टीम ने वारदात स्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
वारदात से सहमा परिवार
मृतक राधेश्याम का परिवार इस वारदात से सहम गया है। उनका इकलौता बेटा जय प्रकाश राजगीर का काम करता है। पौत्र राजकुमार और अजय गुजरात में जेसीबी चालक हैं। सबसे छोटा पौत्र संजय कठौव्वा पुल के पास फास्टफूड की दुकान चलाता है। राधेश्याम की पत्नी की एक दशक पहले मौत हो चुकी थी। वह करीब 25 साल पहले अपने पिता के निधन के बाद ट्यूबवेल पर रहने लगे थे। दो दशक से वह झाड़-फूंक और जादू-टोना का काम करते थे। गांव और आसपास के लोग हर रविवार को उनके पास अपनी समस्याएं लेकर आते थे।
जमीन को लेकर पट्टीदारों से था विवाद
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक राधेश्याम की ट्यूबवेल वाली जमीन को लेकर पट्टीदारों से विवाद चल रहा था। पट्टीदार उस जमीन में अपना हिस्सा होने का दावा करते थे। इस बात पर दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद हुआ था। थाने में भी इस संबंध में समझौता हो चुका था। हालांकि, मृतक के परिजनों ने हत्या के मामले में अपने पट्टीदारों पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद देर शाम टांडा के महादेवा घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूर्व में हुए विवादों की जानकारी जुटा रही है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी कर रही है। - हरेंद्र कुमार, एएसपी पश्चिमी