कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी, जो सात बच्चों की मां है, अपनी बेटी के ससुर (समधी) के साथ घर छोड़कर चली गई। पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लक्ष्मी देवी ने करीब तीन महीने पहले अपनी बेटी की शादी की थी। इसके बाद बेटी के ससुर राकेश का उनके घर आना-जाना बढ़ गया। पति इंद्रराज का आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
पति का दावा- समधी के साथ होटल में मिली पत्नी
इंद्रराज के मुताबिक, तीन दिन पहले उनकी पत्नी अचानक घर से लापता हो गईं। काफी तलाश के बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनकी पत्नी अपने समधी राकेश के साथ एक होटल में ठहरी हुई हैं। इस घटना के बाद उन्होंने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
विरोध करने पर धमकी देने का आरोप
पीड़ित पति का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध का विरोध किया तो समधी राकेश ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। उनका कहना है कि धमकी से जुड़ी बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है, जिसे उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई
गुरुवार को पीड़ित ने कोखराज थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।