साइबर ठगी की रकम खाते में लेने पर पांच के खिलाफ प्राथमिकी


फर्रुखाबाद/मोहम्दाबाद/कायमगंज। साइबर ठगी की रकम खातों में मंगवाने के आरोप में तीन थानों में पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
शहर कोतवाली के साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी दरोगा ज्ञान प्रकाश पांडेय ने मोहल्ला सलावत खां निवासी मितेश कुमार सिन्हा पर धोखाधड़ी की प्राथमिकी लिखाई। कहा कि नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल से एक बैंक खाता नंबर की जानकारी हुई। इस नंबर को समन्वय पोर्टल पर चेक किया, तो साइबर शिकायत दर्ज होना मिला। कमालगंज के जुनैद खान से 10 जुलाई 2024 को 19,999 रुपये, 15 जुलाई को 30 हजार रुपये बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता संख्या में प्राप्त किए गए। यह रकम मितेश कुमार सिन्हा ने प्राप्त कर ली। इसके अलावा जहानगंज निवासी कल्याण सिंह के खाते से 17 व 27 जून 2025, छह जुलाई 2025 को दो बार में पांच-पांच हजार और एक बार 15 हजार रुपये प्राप्त किए गए। साइबर ठगी की यह रकम भी मितेश ने प्राप्त की।
दूसरी प्राथमिकी सुनहरी मस्जिद निवासी आशू के खिलाफ लिखाई गई। इसमें कहा गया कि आजमगढ़ जिले के जहानगंज थाने के गांव भटगवां निवासी आनंद कुमार सिंह के खाते से 20 हजार रुपये यूको बैंक के आशू के खाते में पांच अप्रैल 2025 को प्राप्त किए। इसी तरह 16 अप्रैल 2025 को पीड़ित तुषार जयसुख पटेल के खाते से 17 हजार रुपये आशू के खाते में ट्रांसफर हुए। यह रकम भी साइबर ठगी से प्राप्त की गई। उधर मोहम्मदाबाद कोतवाली में
दर्ज की गई प्राथमिकी में बताया कि जांच में पता चला कि साइबर ठगी की धनराशि एचडीएफसी बैंक की लाल दरवाजा शाखा, फर्रुखाबाद स्थित खाते में ट्रांसफर हुई थी। यह खाता मोहम्मदाबाद के मोहल्ला आंबेडकर नगर निवासी शिवा शाक्य के नाम है। कायमगंज कोतवाली में साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उपनिरीक्षक अरविंद कुमार ने खाता गंगा दरवाजा निवासी शिवम कौशल व इसी मोहल्ला के शेखर के खिलाफ उपनिरीक्षक अरविंद कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इन दोनों के खाते भी साइबर ठगी की रकम पहुंची थी। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया दोनों आरोपियों को नोटिस तामील करा दिए गए हैं। मामले की विवेचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post

Contact Form